बरेली। दोस्त से साढ़े छह लाख का कर्ज लेकर शेयर बाजार और जुए में हारने वाले सौरभ राठौर को बारादरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेजा गया है। उसने आरोपों को स्वीकार कर लिया।
चक महमूद निवासी 20 साल के अर्जुन मौर्य ने दस अक्तूबर को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले उसने मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल किया था कि जोगी नवादा निवासी उसका दोस्त सौरभ राठौर ही उसका मौत का जिम्मेदार है। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि सौरभ को गिरफ्तार किया तो उसने बताया कि वह लोगों से रकम लेकर शेयर मार्केट व ट्रेडिंग में लगाता था। उसने अर्जुन मौर्य से भी एक वर्ष पहले साढ़े छह लाख रुपये उधार लिए थे। अर्जुन ने कुछ रकम बैंक से लोन, कुछ पत्नी के गहने बेचकर एवं कुछ परिचितों से लेकर उसे दिए थे। उसने वादा किया था कि तुम्हारा सारा धन ब्याज सहित लौटा देगा।
सौरभ ने बताया कि वह सारी रकम ट्रेडिंग व शेयर बाजार में हार गया। अर्जुन उससे अक्सर अपनी रकम मांगता था। तब उसने अर्जुन को धमकी दे दी। उसे नहीं पता था कि अर्जुन इस तरह मौत को गले लगा लेगा। थाना प्रभारी ने बताया कि सौरभ को कोर्ट में पेश किया गया, यहां से उसको जेल भेज दिया गया। संवाद