क्वारंटीन वार्ड में भर्ती 24 संदिग्धों में अब तक 21 की रिपोर्ट निगेटिव
बरेली। सुभाषनगर के कोरोना संक्रमित परिवार में नोएडा की सीजफायर कंपनी में काम करने वाले युवक और उसकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। शुक्रवार को एक बार फिर युवक के पांच परिजनों के सैंपल समेत आठ लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, पहले भेजे गए 12 सैंपल की शुक्रवार को रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना संक्रमित रहे युवक के स्टूल, ब्लड और यूरिन के सैंपल जांच को भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम तक एक्टिव सर्विलांस की आठ टीमों ने 898 घरों का सर्वे किया। इस दौरान एक मामला संदिग्ध मिला। अब तक 243 टीमों ने क्रमिक 25743 घरों का सर्वे पूरा कर लिया है। इस दौरान संदिग्ध लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए, जिसमें से ज्यादातर की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बताया है कि अब तक 136 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे इसमें से 16 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं, सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में शुक्रवार को एक और युवक को क्वारंटीन किए जाने के बाद संख्या 24 हो गई है। इसमें से 21 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जिन्हें नियमानुसार 14 दिन की क्वारंटीन अवधि पूरा कर लेने के बाद अस्पताल से छुटटी देकर 14 दिनों तक होम क्वारंटीन करने के लिए घर भेजा जाएगा।
लेजर थर्मामीटर से होगी संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग
कोरोना वायरस के संक्रमण से सीएचसी पर मौजूद डॉक्टर और स्टाफ को सुरक्षित करने के लिए अब लेजर थर्मामीटर के जरिए संदिग्ध संक्रमितों की जांच की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले भी सीएचसी पर 16 लेजर थर्मामीटर भेजे गए थे, वही शुक्रवार को फिर से 16 थर्मामीटर भेजे गए हैं। ताकि ज्यादा से ज्यादा मरीजों की जांच हो सके साथ ही, स्टाफ को भी संक्रमण का खतरा न रहे।