बरेली। बरेली जिमखाना क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित जिमखाना प्रीमियर लीग सीजन-6 के तहत शनिवार को दो रोमांचक मुकाबले रिछोला स्थित मैदान में खेले गए। इन मैचों में सैम बैटरी सुपर जायंट्स और द होटल कंट्री यार्ड 11 ने जीत दर्ज की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सैम बैटरी सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 170 रन बनाए। कप्तान सुमित खंडेलवाल और शोभित चतुर्वेदी ने 43-43 रन की पारियां खेलीं। जवाब में 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ताशु ज्वेलर्स पैंथर की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज सूर्य प्रताप सिंह ने 37 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। पूरी टीम 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
दूसरे मैच में द होटल कंट्री यार्ड-11 ने ज्योति इलेक्ट्रॉनिक्स एवेंजर्स को 32 रन से पराजित किया। कप्तान शशांक शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। रॉबिन ने शानदार 71 रन और करण ने 21 रन का योगदान दिया। 149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ज्योति इलेक्ट्रॉनिक्स एवेंजर्स की टीम 14 ओवर में 116 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एसके ने 56 रन और कप्तान आशीष ने 26 रन बनाए। द होटल कंट्री यार्ड 11 की ओर से गेंदबाजी में यश भाटिया ने दो विकेट लिए। शशांक शर्मा, अमित रावल, हर्षित और तुषार को एक-एक विकेट मिला। ज्योति इलेक्ट्रॉनिक्स एवेंजर्स की ओर से रिधम ने तीन विकेट चटकाए। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्य, अंपायर व खिलाड़ी मौजूद रहे।