बरेली। जंक्शन से सुभाषनगर के लिए जाने वाली रोड पर मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने शराब दुकान के सेल्समैन के सिर पर बोतल फोड़ दी। कर्मचारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली में चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सिविल लाइंस निवासी नितीश कुमार ने कोतवाली प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि सुभाषनगर क्षेत्र स्थित वाइन शॉप नंबर एक पर वह सेल्समैन हैं। उनके साथ जयवीर और राजेश भी काम करते हैं। बुधवार रात दो लोग आए और अपनी पसंद की शराब का ब्रांड मांगा।
दुकान पर उस वक्त भीड़ थी तो उन्हें शराब देने में देर हो गई। जो ब्रांड मांगा गया था वह उस वक्त उपलब्ध नहीं था। इसको लेकर दबंगों से कहासुनी हो गई। दोनों ने अपने दो और साथियों को बुला लिया। चारों ने मिलकर नितीश को पीट दिया। दुकान से शराब की बोतल उठाकर जयवीर के सिर पर मार दी। जयवीर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज के जरिये हमलावरों को चिह्नित कर रही है। ब्यूरो