ऋणी की पत्नी ने भी घर में घुसकर रुपये और कुंडल छीनने का लगाया आरोप
फतेहगंज पश्चिमी। गांव पनवड़िया में बकाया ऋण की राशि जमा नहीं करने पर एसडीएम के आदेश पर पुलिसकर्मियों के साथ कुर्की करने गए अमीन के साथ अभद्रता की गई। ऋणी की पत्नी ने भी घर में घुसकर रुपये और कानों के कुंडल छीनने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
अमीन मुनीश कुमार मिश्रा के मुताबिक गांव पनवड़िया निवासी ओमनारायण ने भूमि विकास बैंक से ऋण लिया था। इसकी 1.5 लाख की आरसी तहसील आई थी। कई बार नोटिस देने के बाद ऋणी ने बकाया राशि जमा नहीं की। तब एसडीएम आलोक कुमार ने 18 दिसंबर को कुर्की का आदेश जारी किया था। इसका अनुपालन करने के लिए वह फतेहगंज पश्चिमी पुलिस के साथ बुधवार को कुर्की करने गांव गए थे।
आरोप है कि प्रक्रिया में व्यवधान डालने के लिए उन्होंने अपनी पत्नी को आगे कर दिया। उन्होंने कुर्की नहीं करने दी। ओमनारायण ने बताया कि उन्होंने भूमि विकास बैंक से 50 हजार रुपये लोन लिया था। इसका उन्होंने 45 हजार जमा कर दिया है। बृहस्पतिवार को अमीन मुनीश कुमार मिश्रा कई लोगों के साथ आए। उनकी पत्नी से अभद्रता करने लगे। जबरदस्ती घर में घुसकर अलमारी में रखे 1.5 लाख रुपये और उनकी पत्नी के कानों के कुंडल खींचकर ले गए। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि लूटपाट का आरोप गलत है। नियमानुसार अमीन कुर्की करने गए थे। तहरीर आई है। जांच की जा रही है। संवाद