बरेली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पिछले दिनों हुए औचक निरीक्षण के दौरान बिना किसी सूचना के स्कूलों से अनुपस्थित पाए गए 42 शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के वेतन और मानदेय पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही दो स्कूल भी बंद मिले थे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 21 दिसंबर से 20 जनवरी के बीच जिले के विभिन्न ब्लॉकों में जिला स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने सघन निरीक्षण किया गया था। इस दौरान शिक्षक और कर्मचारी ड्यूटी से नदारद और दो स्कूल बंद मिले। सूची में शामिल 42 कर्मियों में हेडमास्टर, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और चपरासी शामिल हैं। इसमें आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी, बरेली शहर, भोजीपुरा, भूता, बिथरी चैनपुर, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, क्यारा, मझगवां, मीरगंज, नवाबगंज और रामनगर शामिल हैं। कुछ विद्यालय बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के बंद पाए गए। इसमें आलमपुर जाफराबाद का यूपीएस भमोरा 16 जनवरी कोे और बरेली सिटी पीएस बिहारकला में 20 जनवरी को बंद मिला। बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि इन विद्यालयों में कार्यरत समस्त स्टाफ का वेतन और मानदेय अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है। संवाद