डीएम ने की कार्रवाई, ग्राम पंचायत सदस्यों की मांगी सूची
बरेली। बहेड़ी ब्लॉक की ग्राम पंचायत सकरस के प्रधान अनीस अहमद और ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) सुशील कुमार गंगवार के विरुद्ध कुल 21,705 रुपये के गबन की पुष्टि हुई है। डीएम ने प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया है। वीडीओ को निलंबित करने के लिए डीडीओ को निर्देशित किया है, लेकिन, डीडीओ ने अभी कार्रवाई नहीं की है। अब प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए डीएम ने पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को नामित कर रिपोर्ट मांगी है।
ग्राम पंचायत के करन सिंह सागर ने शपथपत्र देकर चार बिंदुओं पर शिकायत की थी। डीएम अविनाश सिंह ने सहायक निदेशक मत्स्य गायत्री पांडेय और सहायक अभियंता रुहेलखंड कैनाल अजित कुमार से इसकी जांच कराई। विकास कार्यों में गड़बड़ी की पुष्टि के बाद जांच अधिकारियों ने आरोपी प्रधान और वीडीओ को नोटिस जारी किया। प्रधान ने नोटिस का जवाब दिया, पर वीडीओ ने इसे भी जरूरी नहीं समझा। इस पर डीएम ने कार्रवाई की है। डीएम ने बताया कि प्रधान अनीस अहमद निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताएं बरतने, शासकीय धन का गबन करने और नियमों की अनदेखी के साथ ही स्वेच्छा से कार्य कराने एवं निम्न स्तर की सामग्री प्रयोग करने के दोषी मिले हैं। अब डीएम ने एडीओ पंचायत को निर्देश दिए हैं कि वह ग्राम पंचायत सदस्यों की सूची डीपीआरओ को उपलब्ध कराएं, ताकि ग्राम प्रधान के दायित्वों का संचालन हो सके। डीएम के निर्देश के बावजूद वीडीओ सुशील कुमार सागर को निलंबित नहीं करने के संबंध में डीडीओ दिनेश यादव ने कोई जवाब नहीं दिया।
इन कार्यों में मिली गड़बड़ी
याकूब के घर से नवी अहमद के घर तक सीसी रोड व नाली निर्माण पर 1.18 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसमें मार्ग की मोटाई आठ सेमी कम पाई गई। इससे 9,132 रुपये के गबन की पुष्टि हुई है। दानिश के घर से फरियाद के मकान तक 129 मीटर लंबे नाले के निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इस तरह 12,228 रुपये का अनियमित भुगतान हुआ है। राशन गोदाम निर्माण में भी मनरेगा से हुए कार्य में 345 रुपये रुपये का गबन पाया गया। हालांकि, प्रधान ने यह धनराशि मनरेगा के बैंक खाते में जमा कर दी है। संवाद