साध्वी प्रकरण में नामजद आरोपी व्यापारी बंधु घटना वाले दिन हरिद्वार में थे। इसका खुलासा बृहस्पतिवार सुबह हरिद्वार से लौटी पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर संसार सिंह ने किया है। साध्वी प्रकरण में नामजद आरोपी पंकज गुप्ता, सुशील बाबू गुप्ता और अनिल गुप्ता 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचे थे।
हर की पैड़ी के पास स्थित सर्व दर्शन सेवा आश्रम भूपतवाला में शाम सात बजे सात कमरे बुक कराए गए थे, जिनमें व्यापारी बंधु और उनके परिजन व नगर के कुछ अन्य लोगों को मिलाकर कुल 24 लोग ठहरे थे। पुलिस टीम ने आश्रम के मैनेजर अवनीश पाठक से जानकारी लेने के साथ ही अभिलेख देखे।
इसके अलावा पुलिस टीम ने हाईवे पर बरेली के मीरगंज और मुरादाबाद के मूढ़ापांडे के पास टोल टैक्स बैरियर के सीसीटीवी कैमरे में भी इन लोगों की गाड़ी की फुटेज मिली है। वहीं शाहबाद स्टेशन पर गई पुलिस टीम भी वापस आ गई है। वहां स्टेशन पर विवाद का कोई मामला नहीं पाया गया है। उधर आरोपी अनुराग गुप्ता की लोकेशन लुधियाना ट्रेस करने गई पुलिस की टीम अभी वापस नहीं आई है।
आत्मदाह की चेतावनी को गंभीरता से लिया गया है। घटना से जुड़े हर बिंदु पर गहनता से विवेचना हो रही है। जांच रिपोर्ट मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी
इलाज पर खर्च हो चुके हैं पांच लाख
साध्वी कोयल गिरी के भतीजे सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि इलाज पर लगभग पांच लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इधर-उधर से उधार लेकर इलाज कराया जा रहा है। कुछ रिश्तेदार लोग भी मदद कर रहे हैं। गांव बंथरा क्षेत्र में तीन बीघा जमीन है, जिसे गिरवी रखा जा रहा है, ताकि आगे इलाज चलाया जा सके। इसके अलावा जरूरत पड़ी तो और जमीन को भी गिरवी रखना पड़ेगा।
व्यापारियों ने बाजार बंद की दी चेतावनी
गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में गल्ला व्यापारियों ने कोतवाल अशोक पाल को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि घटना वाले दिन 23 नवंबर को आरोपी व्यापारी हरिद्वार में थे। उन्हें जानबूझ कर मुकदमे में झूठा फंसाया गया है।
यदि किसी भी आरोपी व्यापारी के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई की गई, तो गल्ला व्यापार मंडल अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में गल्ला व्यापारी गोविंद अग्रवाल, संजय ओमर, सुधीर गुप्ता, संजय गुप्ता, सौरभ गुप्ता आदि रहे।
व्यापारियों पर दर्ज मुकदमा एक्सपंज किया जाए
मोहल्ला कुंवरगंज स्थित बांके बिहारी मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन की महापंचायत में वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष किशोर कुमार गुप्ता ने कहा कि साध्वी कोयल गिरि प्रकरण में व्यापारी पंकज गुप्ता आदि पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यदि फर्जी मुकदमा शीघ्र एक्सपंज नहीं किया गया तो प्रदेश भर के व्यापारी सड़कों पर उतरेंगे। व्यापारी नेताओं ने कहा कि वैश्य समाज के किसी भी व्यक्ति का अनावश्यक उत्पीड़न किया जाता है तो व्यापारी वैश्य समाज चुप नहीं बैठेगा।
रोजा के पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता, पुवाया के चेयरमैन संजय गुप्ता, रजनीश गुप्ता, वैश्य समाज के संरक्षक राम बहादुर गुप्ता, पूर्व चेयरमैन देवेंद्र गुप्ता आदि ने दर्ज मुकदमा वापस लिए जाने की मांग की है। ब्यूरो