बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय एएनएम (ऑक्जिलरी नर्सिंग मिडवाइफ) व जीएनएम (जनरल नर्सिंग मिडवाइफ) समेत कई नए कोर्स शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए विश्वविद्यालय को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी से इन कोर्स की मान्यता लेनी होगी। बीते दिनों हुई एग्जीक्यूटिव काउंसिल व अकादमिक काउंसिल की बैठक में इन पाठ्यक्रमों को शुरू कराने का प्रस्ताव रखा गया था। कई अन्य पैरामेडिकल कोर्स शुरू करने पर भी विचार किया गया था। इन पाठ्यक्रमों को डिजाइन किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि पाठ्यक्रम बढ़ने से विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। अब तक ये भी असमंजस रहा कि प्रदेश स्तर पर मेडिकल व आयुष यूनिवर्सिटी बनने के बाद अब विश्वविद्यालय मेडिकल कॉलेज कैसे शुरू कर सकता है। इस पर मीडिया प्रभारी प्रो. अमित सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय मेडिकल कॉलेजों को मान्यता नहीं दे सकता है, लेकिन स्वयं विभाग शुरू करने के लिए मान्यता ले सकता है।
जैसा कि अब तक यूपीटीयू से एआईसीटीई के मानकों पर बीटेक पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है, इसी तरह मेडिकल कोर्स के लिए जीएनएम, एएनएम व पैरामेडिकल जैसे कोर्स भी संचालित किए जा सकते हैं। इसके लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। इसे मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों अनुसार डिजाइन किया जाएगा, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ से इसकी मान्यता ली जाएगी।
डीफार्मा भी शुरू करने की तैयारी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में इस समय बीफार्मा का पाठ्यक्रम संचालित है। वहीं, तीन एमफार्मा के कोर्स पहले से ही संचालित हैं। बीफार्मा में 60 सीटें और एमफार्मा के पाठ्यक्रमों में दस-दस सीटें शामिल हैं। लेकिन अब डीफार्मा का कोर्स भी शुरू होगा। इसके लिए फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता ली जाएगी। मीडिया प्रभारी प्रो. अमित सिंह ने बताया कि डीफार्मा का कोर्स उन लोगों के लिए तैयार किया जा रहा है, जो 12वीं के बाद फार्मेसी के डिप्लोमा के इच्छुक हैं। वो इसमें प्रवेश ले सकेंगे।