बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक पाठ्यक्रम में दूसरे चरण के पंजीकरण के लिए बृहस्पतिवार को पोर्टल बंद कर दिया। देर शाम तक दो लाख सीटों पर आवेदन की संख्या 1,55,000 तक पहुंच सकी। 45,000 रिक्त सीटों पर आवेदन नहीं होने का कारण विशेषज्ञ व्यावसायिक पाठ्यक्रम की तरफ युवाओं के बढ़ते रुख को मानते हैं।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नौ जून से 10 जुलाई तक स्नातक के लिए पहले चरण में पंजीकरण किए गए। दूसरे चरण में 11 से 25 जुलाई तक आवेदन किए गए। इसके बाद भी विवि की 45,000 सीटें रिक्त रह गई हैं। वहीं, कॉलेजों में बीए के बाद बीएससी (प्राणी समूह) में अधिक आवेदन आए हैं। पहले चरण की तरह ही सबसे खराब स्थिति बीएससी गणित समूह की रही। जहां सीटों के समान भी पंजीकरण नहीं हो सके। मुख्य प्रवेश समन्वयक प्रो. एसके पांडे के अनुसार बृहस्पतिवार शाम तक 1,55,000 पंजीकरण किए गए।
व्यावसायिक पाठ्यक्रम में बढ़ रही रुचि
विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत स्नातक के पाठ्यक्रम को अपडेट किया गया है। स्नातक में सीटों के सापेक्ष कम आवेदन का कारण यह भी है कि युवाओं का व्यावसायिक पाठ्यक्रम की तरफ रुझान बढ़ रहा है। वह इसे रोजगारपरक मानते हैं। बरेली कॉलेज के पूर्व कार्यवाहक प्रचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया कि स्नातक में बीए, बीएससी की अपेक्षा युवा प्रोफेशनल कोर्सों की ओर बढ़ रहे हैं। महाविद्यालयों में नियमित कक्षाएं लगाई जाएं, जिससे विद्यार्थियों की रुचि पारंपरिक विषयों में बढ़ सकती है। इन्हें करने के बाद रोजगार के क्षेत्रों में अवसर की भी जानकारी दी जाए। संवाद