फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP News: बरेली में ड्रोन को लेकर अफवाहें ऐसी कि चुटकुले भी फेल... निर्दोष लोग भीड़ के निशाने पर

Sat, 02 Aug 2025 03:46 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में पुलिस एडवाइजरी जारी कर लगातार अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील कर रही है, लेकिन लोग समझने को तैयार नहीं हैं। कोरी अफवाहें उड़ रही हैं, जिससे लोगों में डर फैला रहा है। पुलिस का कहना है कि ड्रोन जैसा कुछ भी नहीं है। अफवाहों पर लोग विश्वास न करें। 
 
विज्ञापन
खिलौना ड्रोन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली जिले में ड्रोन और चोरों को लेकर उड़ी अफवाह कम होने का नाम नहीं ले रही है। कस्बों-गांवों में भीड़ अक्सर रात में निर्दोष अनजान लोगों को पकड़कर पीट रही है। बृहस्पतिवार को भोजीपुरा में भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शहर में शुक्रवार रात लोगों ने चोर समझकर एक युवती की पिटाई कर दी। वहीं ड्रोन व चोरों पर ऐसी-ऐसी अफवाहें गली और नुक्कड़ पर हो रही कि चुटकुले भी फेल हो गए हैं। 

विज्ञापन

  
घनी आबादी वाले और ग्रामीण इलाकों में लोग अफवाहों में उलझकर रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। ड्रोन उड़ने और चोर घूमने की काल्पनिक कहानी लोगों के जेहन पर हावी हो रही है। चोरों के आने के फर्जी और पुराने सीसीटीवी फुटेज वायरल किए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को फेसबुक और व्हाट्सएप पर एक सीसीटीवी फुटेज वायरल किया गया जिसमें चार युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर गली में घूमते दिख रहे हैं। यह फुटेज पता नहीं किस जगह का है फिर भी बिना सोचे समझे बरेली का बताकर वायरल किया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें- UP: बरेली में युवती को चोर समझकर पीटा, हाथ जोड़कर बोली- प्लीज पहले पुलिस को बुलाओ...; भीड़ ने एक न सुनी
विज्ञापन


पुलिस जारी कर चुकी है एडवाइजरी
लोग रात में टिमटिमाती लाइट के वीडियो वायरल कर रहे हैं। अफवाह में उलझे लोग निर्दोषों को चोर समझकर पीट रहे हैं, जबकि पूरे जिले में एक भी चोरी की ऐसी घटना नहीं हुई है, जिसमें किसी चोर ने ड्रोन का इस्तेमाल किया हो। पुलिस लगातार एडवाइजरी जारी कर अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील कर रही है लेकिन शहरी इलाकों में पढ़े लिखे लोग भी आसपास के गांवों, कॉलोनियों और इलाकों में चोर आने की बात सुन रहे हैं और दूसरों को बताकर खुद अफवाहों का हिस्सा बन रहे हैं। 

ड्रोन चोर का शोर मचाकर किए 10 फायर, गिरफ्तार 
फरीदपुर के गांव जैड निवासी मंसूर अहमद ने 28 जुलाई की रात गांव में ड्रोन वाले चोर आने का शोर मचाकर लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। मंसूर ने रिवॉल्वर से दस गोलियां चलाईं। गोलियां चलने से गांव में दहशत फैल गई और आसपास के गांवों में अफवाहें तैरने लगीं। सूचना पर फरीदपुर पुलिस ने जांच की तो कोई ड्रोन या चोर नहीं दिखा। इसके बाद पुलिस ने मंसूर को मय रिवाल्वर और कारतूस के गिरफ्तार कर लिया। मंसूर के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसका लाइसेंस भी निरस्त करवाएगी।

यह भी पढ़ें- प्रेमिका के लिए बीवी का कत्ल: अधूरी रह गई मन्नत की ख्वाहिश, ओमसरन ने किया था ये वादा; बरेली हत्याकांड की कहानी
 

अफवाहें ऐसी-ऐसी, कोई डर रहा-कोई कर रहा ठिठोली 
जिन अफवाहों से लोग दहशत में आ गए हैं उनमें से कई ऐसी हैं कि उनके सामने चुटकुले भी फेल हो गए हैं। फिर भी लोग ऐसी अफवाहों पर फंसकर दहशत में आ रहे हैं। वहीं कई लोग अफवाहों की वास्तविकता समझकर उस पर हंसी ठिठोली कर रहे हैं। इन पर मीम्स भी बनाए जा रहे हैं। इन रील व मीम्स में कई ऐसी अफवाहों का जिक्र है जिनका हकीकत से कोई मतलब नहीं है। 

पुराने प्रधान के घर में घुसे चोर 
एक वीडियो में जिक्र है कि लोग कॉलोनियों, मोहल्लों और गांवों के चौराहे पर चर्चा कर रहे हैं कि फलां गांव में पुराने प्रधान के घर चोर घुसे और छह तोला सोना व दो लाख रुपये लूट लिए। वृद्ध-वृद्धा को बांधकर खूब मारा है, जबकि हकीकत में ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं।
 

अफवाह: जिसके घर में सामान नहीं...उसे जान से मार रहे
ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह यह भी अफवाह फैलाई गई है कि जिसके घर में सामान मिल रहा है, ड्रोन चोर उनके हाथ पैर तोड़कर सामान ले जा रहे हैं। वहीं जिनके घर में सामान नहीं है, उनको जान से मार दे रहे हैं। खास बात यह है कि ऐसी अफवाहों पर लोग विश्वास कर घर में सामान लाकर रख रहे हैं, जबकि ऐसी कोई घटना कहीं घटित नही हुई है।

ड्रोन के जरिये घर से सोना व नकदी लूटने का शोर
कई जगह आसपास के मोहल्ले या गांव का नाम लेकर यह भी अफवाह उड़ाई गई कि ड्रोन ने एक घर में घुसकर सोना और नकदी निकाल लिया। जबकि ड्रोन से ऐसा संभव ही नहीं है।

ड्रोन की अफवाह फैलाने का आरोपी गिरफ्तार
रिठौरा कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती में ड्रोन उड़ाने की अफवाह फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष हाफिजगंज पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में रिठौरा चौकी इंचार्ज वैभव गुप्ता, दीवान ज्ञानेश कुमार ने अभियान चलाया। इसके तहत पुलिस की टीम ने सोशल मीडिया पर ड्रोन उड़ाने की अफवाह फैलाने के आरोप में नई बस्ती निवासी युवक शाहिद रजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 
विज्ञापन

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस रात भर गश्त कर रही है। लोगों को समझाया गया है कि न तो ड्रोन उड़ने जैसा कोई मामला है और न ही इस तरह से कोई चोरी हुई है। फिर भी कुछ लोग आपसी चर्चा से लेकर सोशल मीडिया तक अफवाहों को फैलाने में जुटे हैं। लोगों से अपील है कि कोई भी पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करने से पहले सत्यता की पुष्टि जरूर कर लें। साथ ही रात में घूमकर लोगों को खुद पकड़ने और पीटने की गलती न करें, कहीं संदेह हो तो पुलिस को सूचना दें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें