बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 42वें स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के पूर्व कुलपति प्रो. केएन त्रिपाठी ने कहा कि भारत में उच्च शिक्षा सिर्फ 18 फीसदी लोगों तक पहुंच रही है। जब तक हम 30 फीसदी तक नहीं पहुंचा पाएंगे तब तक विश्व पटल पर अपनी उपस्थिति नहीं दर्ज करा पाएंगे। इसके लिए यह भी जरूरी है कि जितने विश्वविद्यालय भारत में हैं, उतने ही विश्वविद्यालयों की और जरूरत होगी, तभी यहां पर तक पहुंच पाएंगे।
इसके बाद दूसरे सत्र में स्थापना दिवस कर्मचारी, शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच हुईं खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. मुशाहिद हुसैन ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
शिक्षक और कर्मचारियों के बीच हुए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकसी, बैडमिंटन, 100 मीटर, 400 मीटर दौड़ और म्यूजिकल चेयर की प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों के लिए 100, 400 मीटर रेस और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के मेडल भी कुलपति, प्रतिकुलपति और कुलसचिव ने दिया।
इसके बाद 2014-15 में आयोजित आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल पाने वाले खिलाड़ी हिंदू कॉलेज के आकाश कुमार को दस हजार का कैश प्राइज और ब्लेजर देकर पुरस्कृत किया गया। वर्ष 2015-16 की ऑल इंडिया एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल पाने वाले खिलाड़ी अब्दुल रज्जाक डिग्री कॉलेज के भूपेंद्र सिंह को भी दस हजार रुपये कैश और ब्लेजर देकर सम्मानित किया गया। वर्ष 2015-16 में अंतर-विद्यालयी महिला प्रतियोगिता में टीम चैंपियनशिप की ट्रॉफी बरेली कॉलेज को दी गई। 2015-16 में अंतर-महाविद्यालयी पुरुष प्रतियोगिता की चैंपियनशिप बरेली कॉलेज बरेली को दी गई। ओवरऑल चैंपियनशिप (महिला-पुरुष) की ट्रॉफी भी बरेली कॉलेज को ही मिली। इस तरह 2015-16 में बरेली कॉलेज का दबदबा रहा। ट्रॉफियां डॉ. सीरिया एसएम और मोहम्मर रमजान ने प्राप्त कीं।
पुरस्कृत करने के बाद डॉ. मानवीर सिंह ने एनएसएस कार्यक्रम की रिपोर्ट पढ़ीं। कल्चरल कोऑर्डीनेटर डॉ. संतोष अरोरा ने युवा महोत्सव और कल्चरल इवेंट की रिपोर्ट पढ़ी। विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक और कोच, जो विश्वविद्यालय की टीमों के टीम मैनेजर रहे, उन्हें भी कुलपति ने सम्मानित किया।
इस मौके पर प्रो. एके जेटली, प्रो. एके सिन्हा, प्रो. एनपी सिंह, डॉ. राजकमल, डज्ञॅ. एनएन पांडेय, डॉ. यशपाल, डॉ. जेएन मौर्या, डॉ. तरुण राष्ट्रीय, डॉ. एसएम सीरिया, धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. हेम कुमार गौतम, ओपी मिश्रा, संजीव कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आलोक श्रीवास्तव वे किया और कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने आभार व्यक्त किया। कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने बताया कि मंगलवार को विश्वविद्यालय में अवकाश की घोषणा की।
कैंपस से बाहर होनी चाहिए राजनीति : प्रो. केएन त्रिपाठी
बरेली। भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केएन त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय कैंपस से बाहर राजनीति होनी चाहिए। जेएनयू के कैंपस में इस समय पर राजनीति चल रही है। वहां पर हुई नारेबाजी गलत है। नारेबाजी करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन उसके नाम पर पूरे कैंपस को ही देशद्रोही कहना ठीक नहीं है। हमें जेएनयू के बारे में सोचना चाहिए। वह एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय है।
सिर्फ रस्मअदाएगी भर रह गया स्थापना दिवस
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में हुआ स्थापना दिवस सिर्फ रस्मअदाएगी भर रह गया। समारोह में गिनती के शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए। बाकी के लोगों ने सहभागिता ही नहीं की। इसमें भी विद्यार्थियों की भागेदारी न के बराबर रही। बहुत ही कम विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और समारोह में भी उनकी उपस्थिति न के बराबर रही।