पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को अब एक और सुविधा मिल गई है। परिक्षेत्र में आने वाले जिलों का डाटा विदेश मंत्रालय ने मांगा है। ऐसे जिलों में लघु पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाएंगे जो क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से काफी दूर होंगे। आवेदकों को उनके जिले में ही पासपोर्ट आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिलेगी।
बरेली पासपोर्ट सेवा केंद्र परिक्षेत्र में बरेली और मुरादाबाद मंडल को मिलाकर 13 जिले आते हैं। यहां रोजाना सात सौ आवेदन आते हैं। कई जिले बरेली से तीन सौ किमी दूर हैं जहां के आवेदकों को बरेली आने-जाने में दिक्कत होती है। अगर दस्तावेजों में कुछ कमी निकल आए तो उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। बरेली की तरह तरह गाजियाबाद या लखनऊ परिक्षेत्र में आने वाले पासपोर्ट सेवा केंद्रों का भी यही हाल है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदकों को अपने दस्तावेज और बायोमीट्रिक के लिए पासपोर्ट सेवा केंद्र आना ही पड़ता है। मिनी पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के लिए विदेश मंत्रालय ने परिक्षेत्र के जिले, पासपोर्ट केंद्र से, आने जाने की सुविधा, आवेदकों की संख्या आदि तमाम डिटेल मांगी है। इसी आधार पर तय होगा कि मिनी पासपोर्ट केंद्र किस जिले में खोला जाए। यह केंद्र पासपोर्ट सेवा केंद्र की तरह ही काम करेंगे।
वर्जन
लघु पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाने की तैयारी है। इस बाबत विदेश मंत्रालय ने बरेली पासपोर्ट सेवा केंद्र परिक्षेत्र के आने वाले जिलों की डिटेल मांगी है। केंद्र खुलने से दूर दराज के जिलों के आवेदकों को काफी राहत मिलेगी।
-राम सिंह, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बरेली