बरेली के एक नर्सिंग कॉलेज की छात्रा अपने दोस्तों के साथ कैफे में बर्थडे मनाने पहुंची। तभी किसी ने बजरंग दल के लोगों को सूचना दे दी कि बर्थडे में समुदाय विशेष के युवक भी हैं। इस पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस बुला ली।
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर स्थित कैफे में शनिवार शाम नर्सिंग छात्रा की बर्थडे पार्टी में हंगामा हो गया। वहां पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैफे स्टाफ के एक युवक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने बताया कि कैफे में एक नर्सिंग छात्रा अपने दोस्तों के साथ बर्थ-डे मनाने आई थी। उसके साथ छह-सात छात्राओं समेत सहपाठियों में आठ हिंदू और दो मुस्लिम युवक भी शामिल थे। यही बात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरी। उन्होंने कैफे में घुसकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। पार्टी में मौजूद छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे सिर्फ जन्मदिन मनाने कैफे में आए थे।
छात्रा ने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के आरोप गलत हैं। उसने पुलिस को बताया कि दोनों मुस्लिम युवक उसके सहपाठी हैं और सभी एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। सभी साथ में बर्थडे पार्टी मनाने आए थे इंस्पेक्टर राजवली ने बताया कि शान, वाकिफ और रेस्टोरेंट स्टाफ के शैलेंद्र गंगवार के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई है।