शाही। कनूनगला गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक मकान से 12 लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। सुबह उठने पर चोरी की जानकारी हुई।
गांव के झाझन लाल ने बताया कि अज्ञात चोर सीढ़ी लगाकर घर में घुसे। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए। एक लाख रुपये नकदी भी चोरी कर ली। झाझन लाल को सुबह पांच बजे चोरी का पता चला। उन्होंने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस पर गश्त न करने और नाकाबंदी न कराने का आरोप लगाया। शाही थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। एसपी ग्रामीण से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। इसके बाद डॉग स्क्वॉड शनिवार सुबह 9:00 बजे घर पहुंचा। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच की जा रही है।
दो घरों से 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी
दुनका। शाही क्षेत्र के गांव धनेली की गौंटिया में दो घरों से 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी की तहरीर दी गई है। नंदराम ने बताया कि वह और भाई नन्हेलाल दिल्ली में रहते हैं। शुक्रवार रात चोर उनके घर में घुस आए और बक्सा तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। नंदराम के अनुसार, छह लाख रुपये के आभूषण और करीब 60 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई। इसके बाद चोरों ने नन्हेलाल के मकान को भी निशाना बनाया। वहां से जेवरात, बर्तन और कपड़े ले गए। इससे चार लाख रुपये का नुकसान हुआ। सुबह मां और भाभी ने ताले टूटे और सामान बिखरा देखा, जिसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। शाही थाने में रिपोर्ट दर्ज कर घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।