मीरगंज। सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स के खाते से चार महीनाें में कक्षा 12वीं के छात्र ने 3.13 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित नर्स ने थाने में तहरीर दी है।
स्टाफ नर्स सीमा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति विदेश में रहते हैं। उनका खाता मीरगंज के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की दोहरी घाट शाखा में है। सीमा ने अपने मोबाइल नंबर पर इस खाते को वॉलेट से जोड़ रखा है। चार महीने पहले सीमा ने अपनी बहन के साथ पढ़ने वाले इंटरमीडिएट के छात्र से अपने मोबाइल नंबर का रिचार्ज करवाया था।
रिचार्ज करते समय छात्र ने नर्स के खाते की आईडी और पिन चुपके से हासिल कर लिया। इसके बाद वह लगातार उनके खाते से पैसे निकालता रहा। जनवरी के पहले सप्ताह में, जब सीमा ने बैंक से स्टेटमेंट निकाला, तो वह दंग रह गई। पिछले चार महीनों में उनके खाते से 3.13 लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी।छात्र इतना शातिर था कि उसने बैंक से आने वाले सभी संदेश ब्लॉक करवा दिए। इस कारण न तो नर्स को पैसे निकलने की सूचना मिल पाई और न ही उन्हें कोई संदेह हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं।