बरेली। दिशा पाटनी के घर पर हमले के बाद फेसबुक पोस्ट व ऑडियो पर जो धमकी भरे संदेश भेजे गए थे, वह रोहित गोदारा ने ही किए थे। बरेली पुलिस को मेटा से इसकी रिपोर्ट मिल गई है। नई पोस्ट के बारे में पुलिस ने फिर जानकारी तलब की है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शुरू में वारदात की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट व दो ऑडियो के बारे में पुलिस को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिल गई है। ये पुर्तगाल की आईडी से ही किए गए हैं। अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि पुर्तगाल में रह रहे रोहित गोदारा ने ही यह किया होगा। पुलिस अब इस मामले में विधिक कार्रवाई के लिए आगे बढ़ाएगी। दूतावास के जरिये अन्य जानकारी लेने का भी प्रयास किया जाएगा।
यहां बता दें कि रोहित गोदारा काफी समय से पुर्तगाल में रहकर वहां से भारत में अपने गुर्गों को निर्देशित करता है। उसका साथी गोल्डी बरार कनाडा में शिफ्ट होकर भारत के अलग-अलग हिस्सों में दहशत फैला रहा है। ब्यूरो