रुहेलखंड विश्वविद्यालय में विधि परीक्षाओं के बार-बार बदलते कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एलएलएम मानवाधिकार द्वितीय सेमेस्टर के कई छात्र परीक्षा देने पहुंच गए, लेकिन उन्हें पता चला कि आज कोई परीक्षा निर्धारित ही नहीं है।
विद्यार्थियों का कहना था कि विश्वविद्यालय ने बदलाव के बारे में पहले नहीं बताया। वहीं, विवि प्रशासन का दावा है कि संशोधित प्रवेशपत्र डाउनलोड करने के लिए कहा गया था। एलएलएम मानवाधिकार द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों की आपराधिक न्याय प्रणाली और मानवाधिकार विषय की परीक्षा बृहस्पतिवार को होनी थी।
यह भी पढ़ें- दर्दभरी कहानी: घर बेच बेटे को लंदन में पढ़ाया, उसने बुढ़ापे में अकेला छोड़ा, वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर पिता
अब 21 को होगी परीक्षा
यहां पहुंचने पर पता चला कि परीक्षा अब 21 जून को होनी है। इस बात को लेकर विद्यार्थियों और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के बीच जमकर गहमागहमी हुई। विद्यार्थियों को यह समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी कि 14 जून को एक ही कोड के दो पेपर रख दिए जाने के कारण परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।
यह पहली बार नहीं है जब विश्वविद्यालय के विधि परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। जानकारी के अनुसार, विधि संकाय का परीक्षा कार्यक्रम अब तक चार से पांच बार बदला जा चुका है। छात्रों का आरोप है कि इन परिवर्तनों की सूचना सभी छात्रों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाती है। इसके चलते उन्हें ऐसी अप्रत्याशित समस्याओं का सामना करना पड़ता है।