बरेली। सुरेश शर्मा नगर में की गई बुजुर्ग दंपति की हत्या की तर्ज पर सोमवार की रात अज्ञात डकैतों ने पीलीभीत बाईपास स्थित गार्डन सिटी में रिटायर्ड बीडीओ केपी गुप्ता की कोठी पर धावा बोल दिया। ड्राइंग रूम की ग्रिल खोलकर घुसे बदमाशों ने गुप्ता और उनकी पत्नी को रॉड मारकर मरणासन्न करने के बाद लाखों का माल समेटा और घर में खड़ी स्कूटी लेकर फरार हो गए। ऊपरी मंजिल पर सो रहे उनके बेटे-बहू की सुबह नींद खुली तो केपी गुप्ता मरणासन्न थे और उनकी पत्नी दम तोड़ चुकी थीं। गुप्ता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सुबह करीब छह बजे सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घंटों छानबीन की लेकिन कोई सिरा तलाश नहीं सके हैं। प्रथम दृष्ट्या यह किसी संगठित गिरोह का काम लग रहा है जिसने पूरी रैकी करने के बाद डकैती डाली।
क्यारा के खंड विकास अधिकारी के पद से रिटायर हुए 82 साल के केपी गुप्ता सेटेलाइट बस अड्डे से आधा किलोमीटर दूर पीलीभीत बाईपास पर गार्डन सिटी में 48 नंबर की अपनी कोठी में परिवार समेत रह रहे हैं। सोमवार की रात को वह 75 वर्षीय पत्नी शांति देवी के साथ ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे। दूसरी मंजिल पर उनके बड़े बेटे पंकज कु मार अग्रवाल, उनकी पत्नी हनी अग्रवाल और बेटी ऐश्वर्या अग्रवाल सो रही थीं। पंकज पीडब्ल्यूडी, पीलीभीत में लेखाधिकारी हैं। बदमाश आधी रात के बाद पड़ोस में खाली पड़े प्लाट से कोठी की लॉबी में आ गए। यहां आकर बदमाशों ने ड्राइंग रूम की खिड़की की ग्रिल निकाल ली और अंदर घुस कर वारदात कर डाली। सुबह छह बजे पंकज अग्रवाल दूसरी मंजिल से नीचे आए तो माता-पिता को खून से लथपथ पड़ा देखा। आसपास के लोगों को इकट्ठा करके पिता को फौरन निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। मां की सांसें बंद हो चुकी थीं। कोठी की लॉबी मेें खड़ी स्कूटी गायब थी। नीचे के दोनों कमरों की अलमारियों के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। सीओ और एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर घंटों छानबीन की। एसपी क्राइम और डीआईजी की टीम भी बदमाशों की तलाश में जुटी है लेकिन अब तक कोई सिरा हाथ नहीं आया है। पंकज अग्रवाल ने बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। लाखों का माल लूटे जाने का अनुमान है। पंकज अग्रवाल ने लूटे गए जेवर और नगदी की सूची बाद में देने की बात कही है।
--कोट--
संदिग्धों की सूची बनाई जा रही है। घटना अति गंभीर है और पुलिस की तीन टीमें खुलासे के लिए काम कर रही हैं।
- समीर सौरभ एसपी सिटी