चोरी की जानकारी देता दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
रोस्टर में दुकान बंद थी दुकान, मास्क लगाकर आए थे चोर
बरेली। शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ने से व्यापारी भी परेशान हैं। दो दिन पहले ही कटरा मानराय में एक हार्डवेयर शॉप काटने के बाद अब कोतवाली के पास गारमेंट्स शोरूम के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी समेत हजारों का माल चोरी कर लिया। रोस्टर के कारण दुकान बंद थी। पड़ोसी दुकानदार ने व्यापारी को घटना की सूचना दी। चोर दुकान में ही आरी और मास्क छोड़ गए। व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को मामले की तहरीर सौंपी है।
प्रेमनगर क्षेत्र के इंदिरानगर निवासी राकेश भसीन की कोतवाली के पास मार्केट में बाबा गारमेंट्स के नाम से रेडीमेड कपड़ों का शोरूम हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को रोस्टर की वजह से उनकी दुकान बंद रहती है। सुबह पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें दुकान के ताले टूटे पड़े होने और शटर खुला होने की सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। गल्ले से नकदी के अलावा शर्ट, टी-शर्ट, पैंट और अन्य कपड़े गायब थे। दुकान में एक मास्क और आरी भी पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। हैरान करने वाली बात यह है कि कुमार टॉकीज चौराहे पर पूरी रात पुलिस पिकेट की ड्यूटी रहती है। इसके बावजूद चोर वारदात करने में कामयाब हो गए।