मध्यप्रदेश से धान लेकर रिछा जा रहा था ट्रक, चालक के रफ्तार बढ़ाने पर मार दी थी गोली
बरेली। नैनीताल रोड पर चार दिन पहले मध्य प्रदेश से धान लेकर रिछा जा रहे ट्रक को लूटने की कोशिश में बदमाशों ने चालक को गोली मार दी थी। पुलिस ने वारदात में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। चारों बदमाश मुरादाबाद के रहने वाले हैं।
मध्यप्रदेश में जिला भिंड के कस्बा मेहगांव के रहने वाले चालक अनूप शर्मा और हेल्पर राकेश 26 मई की रात करीब दो बजे धान से भरा ट्रक लेकर रिछा जा रहे थे। नैनीताल रोड पर भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव दभौरा के पास कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके ट्रक रोकने की कोशिश की। जब चालक ने ट्रक भगा दिया तो एक बदमाश ने फायर कर दिया। छर्रे चालक के हाथ में लगे, लेकिन उसने ट्रक नहीं रोका और सीधे एक अस्पताल पहुंच गया। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए। चालक की सूचना के आधार पर पुलिस ने फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा के सीसीटीवी से घटना में इस्तेमाल कार का पता लगा लिया। शनिवार रात भोजीपुरा और देवरनिया पुलिस ने कार समेत चारों बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम मुरादाबाद के थाना पाकवाड़ा के शनि बाजार निवासी मो. शोएब, गांव रतनपुर कला निवासी मो. नवी, आलिम और अजीम बताए हैं। उनके कब्जे से चार तमंचे और कारतूस बरामद हुए। घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोबारा वारदात की कोशिश में पकड़े गए
घटना के बाद मौके पर पहुंची भोजीपुरा पुलिस ने ट्रक चालक को एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। चार दिन तक पुलिस घटना को दबाए रही। शनिवार रात बदमाश हाईवे पर दोबारा वारदात की फिराक में निकले तो वसुधरन जागीर के पास शेरगढ़ को जाने वाले मार्ग से उन्हें दबोच लिया गया।
लॉकडाउन में धंधा चौपट हुआ तो बनाई लूट की योजना
बरेली। पकड़े गए चारों बदमाशों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। इनमें से दो सऊदी से लौटे हैं लेकिन लॉकडाउन में काम-धंधा चौपट हुआ तो लूट की योजना बना डाली।
वारदात के लिए चारों बदमाश मुरादाबाद से नसीम की कार किराये पर लेकर आए थे। एसएसआई भोजीपुरा आलोक मिश्रा ने बताया कि शोएब और अजीम पहले दुबई में ड्राइविंग का काम करते थे। कुछ समय पहले ही वहां से लौटे थे। अब शोएब ने मेडिकल खोल लिया था और अजीम ड्राइवर का काम करने लगा। नवी और आलिम भी हाईस्कूल तक पढ़े हैं और कुछ काम धंधे में लगे थे। लॉकडाउन में धंधा चौपट पड़ा तो चारों ने मिलकर हाईवे पर लूट की योजना बना ली। मगर पहली बार में ही उन्हें पकड़ लिया गया। एसएसआई ने बताया कि कार मालिक की भूमिका भी जांची जा रही है। ब्यूरो