बरेली। नवदिया झादा में फ्लाईओवर और बिलपुर और फरीदपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण अगले वर्ष पूरे होने की उम्मीद है। यहां से हर घंटे 40 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। काम पूरा होने के बाद करीब 10 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा।
बिलपुर और फरीदपुर में रेलवे की एनओसी न मिलने की वजह से शिलान्यास के एक साल तक निर्माण थमा रहा। अब यहां काम शुरू किया गया है। सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक, लखनऊ-बरेली-दिल्ली रेल लाइन की फरीदपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 352 सी पर 51 करोड़ से बन रहे आरओबी का करीब 58 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रेलवे ने भी अपने हिस्से का काम शुरू कर दिया है। जून 2026 तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।
वहीं, इसी रेल लाइन पर बिलपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 344 ए पर आरओबी का 60 प्रतिशत निर्माण हो चुका है। रेलवे ने ड्राइंग को स्वीकृत कर दिया। रेलवे लाइन और उसके दोनों ओर पुल का निर्माण सेतु निगम को ही करवाना है। सेतु निगम ने उप परियोजना प्रबंधक अरुण गुप्ता ने बताया कि दिसंबर 2026 तक यहां काम पूरा करने का लक्ष्य है।
नवदिया झादा में मार्च 2026 तक फ्लाईओवर बनाने का लक्ष्य
नवदिया झादा में मार्च 2026 तक फ्लाईओवर बनने का दावा है। इसके बाद यहां ब्लैक स्पॉट खत्म होगा और हादसे घटेंगे। यहां 30 करोड़ रुपये की लागत से 980 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण इसी साल मार्च में शुरू हो गया था। मार्च 2026 में निर्माण पूरा होने का दावा है। ब्यूरो