महाकुंभ में गईं परिक्षेत्र की 510 बसों की 15 फरवरी से शुरू होगी वापसी
बरेली। प्रयागराज महाकुंभ में भेजी गईं रोडवेज की 510 बसों की 15 फरवरी से वापसी शुरू हो जाएगी। तब तक परिक्षेत्र के कई रूटों पर बसों की किल्लत के कारण समस्या बनी रहेगी। हालांकि, जरूरत को देखते हुए रोडवेज ने निगम की 100 और अनुबंधित 50 बसों के फेरों में इजाफा किया है।
परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो की 510 बसों को प्रयागराज भेजा गया है। काफी संख्या में रोडवेज का स्टाफ भी प्रयागराज गया है। महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर तीसरा अमृत स्नान 29 जनवरी को है। इसके बाद तीन फरवरी को बसंत पंचमी को चौथा और 13 फरवरी को माघ पूर्णिमा को पांचवां अमृत स्नान होना है।
इन दिनों प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या सर्वाधिक है। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि को अंतिम और छठे अमृत स्नान के साथ महाकुंभ का समापन हो जाएगा। इससे पहले बसंत पंचमी के अमृत स्नान के बाद प्रयागराज से बसों की वापसी शुरू हो जाएगी। संवाद
-
चालक-परिचालकों के अवकाश पर लगाई गई रोक
प्रयागराज जाने वाली रोडवेज बसों पर 600 चालक भी भेजे गए हैं। ऐसे में परिक्षेत्र में चालकों की कमी भी हो गई है। इससे निपटने के लिए अनुबंधित बसों के मालिकों से दो-दो चालक लिए गए हैं। रोडवेज के संविदा और नियमित चालक-परिचालकों के अवकाश पर 15 फरवरी तक रोक लगा दी गई है। काफी संख्या में कार्यशाला कर्मचारियों के प्रयागराज जाने के कारण यहां भी कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है।
बसंत पंचमी के अमृत स्नान के बाद प्रयागराज से बसों की वापसी शुरू हो जाएगी। 510 बसों को प्रयागराज भेजे जाने के बाद परिक्षेत्र में निगम की 100 और अनुबंधित 50 बसों के फेरों को बढ़ाया गया है। -धनजीराम, सेवा प्रबंधक