बरेली। तापमान में गिरावट के साथ ही कोहरा भी बढ़ने लगा है। इसके बाद भी रोडवेज बसों में अब तक फॉग लाइटें लगाने का काम शुरू नहीं हुआ है। बसों में फॉग लाइटें न होने के कारण इन दिनों रात्रिकालीन सेवा लगभग ठप है। यही नहीं कई बसों की खिड़कियां भी टूटी हुई हैं।
सबसे बुरा हाल बदायूं डिपो की बसों का है। स्थानीय मार्गों पर चलने वाली रुहेलखंड डिपो की भी कई बसें बदहाल हैं। रोडवेज हर वर्ष बसों में फॉग लाइटें लगाता है। एसी श्रेणी और निगम के बेड़े में इसी साल शामिल की गईं नई बसों को छोड़ दें तो अन्य बसों में अब तक फॉग लाइटें नहीं लगाई गई हैं।
इनमें ज्यादातर बसों का संचालन स्थानीय मार्गों पर होता है। तापमान में लगातार गिरावट हो रही है दूसरी ओर रोडवेज ने जिन बसों की खिड़कियां टूटी हैं उनको भी ठीक कराना अब तक जरूरी नहीं समझा है।
रात के समय बसें उपलब्ध न होने की वजह से स्थानीय मार्गों के यात्रियों को बस अड्डों पर ही रात गुजारनी पड़ रही है। बस अड्डों पर भी अब तक सर्दियों को ध्यान में रखते हुए अलाव समेत अन्य कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
सेवा प्रबंधक धनजीराम का कहना है कि ज्यादातर बसों में फॉग लाइटें हैं। रीजन के सभी डिपो के वर्कशॉप को फॉग लाइटें उपलब्ध करा दी गई हैं। अगर निरीक्षण के दौरान किसी डिपो की बस में फॉग लाइट नहीं मिलती है या फिर खिड़की टूटी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद