बरेली। जनसमस्याओं से जुड़े कई मामलों का निस्तारण कागजों पर हो रहा है। धरातल पर स्थिति में बदलाव न आने से अब लोगों का आईजीआरएस पोर्टल सहित अन्य व्यवस्थाओं से भी भरोसा उठता जा रहा है। आवागमन में भी दिक्कतें का सामना करना पड़ रहा है।
बदायूं रोड को सर्वोदय नगर कॉलोनी से जोड़ने वाली सड़क का 70 मीटर हिस्सा लोक निर्माण विभाग ने अधूरा छोड़ दिया। सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक आरपी सागर ने जनसुनवाई पोर्टल पर दो बार शिकायत दर्ज कराई।
पहली बार में तो लोक निर्माण विभाग ने सड़क को अपना नहीं माना। दोबारा शिकायत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंता के पास पहुंची। जवाब आया कि सड़क लोग निर्माण विभाग के अधीन है। तब लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने संज्ञान लिया।
जवाब में लिखा कि 250 मीटर हिस्से की विशेष मरम्मत स्वीकृत थी। वह करा दी गई। अब 70 मीटर हिस्से की मरम्मत के लिए नई कार्ययोजना में प्रस्ताव किया जाएगा। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता ने शिकायत का निस्तारण कर दिया। धरातल पर सड़क अब भी बदहाल है।
सिकलापुर में न सड़क बनी न सीवर लाइन पड़ी...कागजों पर शिकायत निस्तारित
सिकलापुर निवासी सुनील कुमार मिश्रा व कृष्ण कुमार शर्मा ने 20 सितंबर व 28 अक्तूबर 2024 तथा 29 जनवरी और तीन फरवरी 2025 को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की। शिकायतों में बताया गया कि आसपास मोहल्ले की अन्य गलियों का निर्माण हुआ पर उनकी गली के एक हिस्से को छोड़ दिया गया। सीवर लाइन भी नहीं डाली गई। आसपास की गलियां ऊंची होनेे से आए दिन जलभराव हो रहा है। आना-जाना दुश्वार है। लोग गिर जाते हैं। नगर निगम के सहायक अभियंता और अवर अभियंता ने फरवरी में निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने जनसमस्या को मांग की श्रेणी में डालकर शिकायत का निस्तारण कर दिया। पोर्टल पर शिकायत समाप्त कर दी गई लेकिन मौके पर पहले जैसे हालात हैं।
जिम्मेदारों की बात
सर्वोदय नगर की अधूरी सड़क के लिए स्वीकृति आते ही निर्माण कराएंगे। शिकायतकर्ता को वर्तमान स्थिति से अवगत करा दिया गया है। - भगत सिंह, अधिशासी अभियंता
सिकलापुर की गली में जलभराव की समस्या को दूर कराएंगे। मौके पर टीम जाएगी। लोगों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। - संजीव मौर्य, नगर आयुक्त
ब्यूरो