सड़क चौड़ीकरण का हो रहा काम, बिजली कार्यालय भी तोड़ा गया
बरेली। चौकी चौराहा से चौपुला तक सीवर ट्रंक लाइन का काम पूरा हो गया है। यहां चौड़ीकरण के साथ सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। सुभाषनगर थाने वाली रोड पर यही काम आधे से अधिक हो भी गया है। गुरुवार को भी तारकोल-बजरी बिछाने का काम हुआ। चौड़ीकरण के लिए चौपुला पर बने बिजली कार्यालय को तोड़ दिया गया है।
दिवाली से पहले चौकी चौराहा से चौपुला तक और वहां से सुभाषनगर को जाने वाली मालगोदाम रोड पर सड़क का काम पूरा करने का दावा किया जा रहा है। मालगोदाम रोड पर पुलिस लाइन के नजदीक भी सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। यहां गिट्टी बिछाकर उसकी रोलिंग हो गई है अब यहां तारकोल का काम भी आधे से अधिक पूरा हो चुका है। दिवाली से पहले इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इससे शहरवासियों को राहत मिलेगी। अभी एक तरफ सड़क खुदी होने से चौपुला से चौकी चौराहा आने-जाने वाहन चालकों को एक ही सड़क से गुजरना पड़ रहा है। इससे जाम भी लगता है और दुर्घटना का भी खतरा अधिक रहता है।