बरेली। आवास विकास परिषद की अवस्थापना निधि से स्वीकृत 2.35 करोड़ के कामों में घटिया टाइल्स लगाई जा रही है। ये टाइल्स निर्धारित मानक कम से कम तीन सौ से कम स्ट्रेंथ की है। ठेकेदार गीली टाइल्स लगाकर खानापूरी करने में लगे हैं। हॉटमिक्स सड़कों के किनारे लगने वाली टाइल्स को निर्धारित मानक से कम होने के अलावा गीली होने की वजह से एक या दो झटकों में ही तोड़ा जा सकता है। मेयर ने सड़कों के किनारे लगने वाली टाइल्स की गुणवत्ता की जांच कराने के लिए मंडलायुक्त को चिट्ठी लिखी है।
आवास विकास परिषद ने चालू वित्तीय वर्ष में अवस्थापना निधि से करीब 1.25 करोड़ की लागत से हॉटमिक्स सड़क निर्माण और 1.10 करोड़ से टाइल्स के काम स्वीकृत किए हैं। ठेकेदार मॉडल टाउन में स्टेडियम रोड से कुष्ठ आश्रम, दरगाह मंदिर के सामने, मॉडल टाउन गुरुद्वारे के निकट, हरि मंदिर के सामने, प्रेमनगर थाने के सामने और कर्मचारी नगर में मेगासिटी रोड पर सड़क के किनारे टाइल्स बिछाने का काम कर रहे हैं। निर्माण एजेंसियों में टाइल्स का स्वीकृत तीन सौ स्ट्रेंथ से ऊपर है। इसके उलट ठेकेदार दो सौ से 225 स्ट्रेंथ की गीली टाइल्स लगाकर खानापूरी करने में लगे हैं। टाइल्स लगाने के बाद आवास विकास परिषद इन सड़कों को नगर निगम को हैंडओवर करेगा। बाद में इन सड़कों का मेंटीनेंस नगर निगम को करना है।
‘ठंड में टाइल्स पूरी तरह सूख नहीं पाती। गीली टाइल्स की स्ट्रेंथ कम होती है। सर्दी बढ़ने के बाद ठेकेदारों को टाइल्स का काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदार फिर भी गीली टाइल्स लगा रहे हैं तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।’ चंद्रमाराम, एक्सईएन आवास विकास परिषद