रुहेलखंड विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग में बने एनिमल हाउस में आने वाले सफेद चूहे एसी में रहेंगे और आरओ का पानी पिएंगे। एनिमल हाउस में ऐसी ही तमाम सुविधाओं से चूहे रखने की व्यवस्थाओं के बाद सोशल जस्टिस एंड एनिमल वेलफेयर नई दिल्ली ने अप्रूवल दे दिया है। अब एनिमल हाउस को सरकारी रिसर्च संस्थानों से कम दामों पर चूहे मिल सकेंगे। पांच साल के लिए एनिमल हाउस को मान्यता मिली है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अब तक सिर्फ बी. फार्मा ही था। पिछले साल एम. फार्मा शुरू होने के बाद एनिमल हाउस की जरूरत पड़ी। अब तक फार्मेसी विभाग ब्लैक में पांच-पांच रुपये के चूहे खरीदता था। अब एनिमल हाउस को मंजूरी मिलने के बाद विभाग को सस्ते दामों पर चूहे मिल सकेंगे।
सोशल जस्टिस एंड एनिमल वेलफेयर नई दिल्ली ने अप्रैल-2016 से अप्रैल 2021 तक रुहेलखंड विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग के एनिमल हाउस को मान्यता दी है। इंस्टीट्यूशन्स एथिक्स कमेटी चेयरमैन एवं एनिमल हाउस इंचार्ज डॉ. केके माहेश्वरी ने बताया कि पांच साल के लिए मान्यता मिल गई है। अब सरकारी संस्थानों से चूहे मिल सकेंगे। टीम ने फरवरी-मार्च में निरीक्षण किया था। निरीक्षण में एनिमल हाउस की व्यवस्थाएं ठीक पाए जाने पर अप्रूवल मिला है। एनिमल हाउस में चूहों को शुद्ध आरओ का पानी पीने के लिए दिया जाएगा। उन्हें गर्मी और सर्दी न लगने पाए, इसके लिए एनिमल हाउस में दो एसी लगाए गए हैं। चूहों को धूल से दूर रखा जाएगा। इसके लिए डस्ट फ्री एनवॉयरमेंट रखा जाएगा। जिन औजारों का चूहे पर प्रयोग होगा, उसे स्ट्रेलाइज्ड किया जाएगा। स्ट्रेलाइजेशन के लिए अवन भी रखा गया है। इसके अलावा एनिमल हाउस में प्रॉपर लाइट होनी जरूरी है।
-------------------
एनिमल हाउस में होंगी ये सुविधाएं
0 चूहों के पीने पानी के लिए आरओ लगाया गया है।
0 रैट पैलेट्स खिलाया जाएगा।
0 एनिमल हाउस में एकदम साफ-सुथरा रहेगा।
0 इसमें दो एसी और डस्ट फ्री एन्वॉयरमेंट होगा।
0 एनिमल हाउस की दीवारें टाइल्स से बनाई गई हैं।
0 एक-एक चूहे का रिकॉर्ड रखा जाएगा। रेगुलर उनकी अटेंडेंस भी लगेगी।
0 एनिमल हाउस में चूहे का रख-रखाव करने वाले कर्मचारी ट्रेंड होने चाहिए।
0 हाउस में लाइट की प्रॉपर व्यवस्था होनी चाहिए।
0 चूहे को एनेस्थीसिया देकर उस पर प्रयोग किया जाएगा, ताकि उन्हें कोई दर्द न हो। पेनलेस किलिंग के खास निर्देश दिए गए हैं।
0 चूहे की मौत के बाद उन्हें व्यवस्थित ढंग से फेंका जाएगा।