प्रशासन का कहना है कि किसी हालत में नहीं दिया जाएगा भीड़ को बढ़ावा
बरेली। एक जून से लागू हो रहे अनलॉक-1 में कर्फ्यू में चार घंटे की राहत दी गई है। नई गाइड लाइंस के बाद रात के कर्फ्यू का समय कम करके रात नौ से सुबह पांच बजे कर दिया गया है, जबकि पहले इसका समय शाम सात से सुबह सात बजे तक था। इसके अलावा अभी कोई और राहत नहीं दी गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी सूरत में भीड़ को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता है। इसलिए मार्केट के रोस्टर में भी अभी कोई बदलाव नहीं किया जा रहा। राज्य सरकार की गाइडलाइन आने के बाद ही कोई दूसरी राहत दी जा सकती है।
केंद्र सरकार की ओर से जारी नई गाइड लाइंस में जनता को कई और राहत देने की घोषणा की गई है। हालांकि इसे लेकर व्यवस्थाओं में क्या परिवर्तन होंगे.. ये राज्य सरकार की ओर से एक-दो दिन बाद जारी एडवाइजरी से साफ होगा। हालांकि डीएम नितीश कुमार ने स्पष्ट कहा है कि कोरोना का खतरा कम नहीं हुआ है। इसलिए मार्केट व सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। डीएम का कहना है कि शाम के चार घंटे के कर्फ्यू में राहत दी जाएगी। हालांकि जरूरी सेवा के लिए आवागमन में छूट दी जाएगी।
होटल, रेस्टोरेंट ओर शापिंग मॉल वालों को भी शासन-प्रशासन की अनुमति का इंतजार
दो महीने से ज्यादा समय से होटल, रेस्तां और शॉपिंग मॉल बंद चल रहे हैं। इससे इन्हें काफी नुकसान झेलना पड़ा है। केंद्र सरकार ने इन्हें आठ जून से खोलने की गाइड लाइंस जारी कर दी है, लेकिन इन्हें खोलने की पाबंदी और शर्तों का निर्धारण शासन-प्रशासन को ही करना है।
पहले से ही है टैंपो वालों को दो सवारियों के साथ अनुमति
डीएम नितीश कुमार ने बताया कि लॉकडाउन-फोर में ही टैंपो व ई-रिक्शा वालों को छूट मिल गई थी। टैंपो वाले अपनी मर्जी से ही सड़कों पर कम चल रहे थे। गौरतलब है कि अभी टैंपो में दो सवारी बैठने की अनुमति है। खर्च न निकल पाने की वजह से भी चालक रुचि नहीं दिखा रहे है।
भक्तगण को भी आठ जून का इंतजार
लॉकडाउन पांच में मंदिर के साथ धार्मिक स्थल खोलने की अनुुमति भी मिली है। सामाजिक दूरी के लिए प्रशासन इसके लिए क्या रूपरेखा बनाएगा, ये बाद में पता चलेगा, लेकिन लंबे समय से मंदिर न पहुंच पाने वाले भक्तों का इंतजार आठ जून को खत्म हो जाएगा।
लॉकडाउन-पांच में क्या राहत रहेंगी, इस पर कुछ बता पाना अभी मुश्किल है। हालांकि भीड़ को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। बाकी राज्य की एडवाइजरी के बाद सारी स्थिति स्पष्ट होगी। -नितीश कुुमार, जिलाधिकारी