बरेली। औद्योगिक क्षेत्र सरकारी खजाने में करोड़ों के राजस्व के योगदान के बावजूद एक अदद मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। राइस मिलर्स का कहना है कि सड़क, बिजली, जलनिकासी की समस्या से रिछा, बहेड़ी की कारोबार प्रभावित है। भोजीपुरा में जलनिकासी की अड़चन है।
उद्यमियों के मुताबिक बहेड़ी और रिछा औद्योगिक क्षेत्र से चावल का कारोबार कई राज्यों समेत विदेश में निर्यात होता है। इसमें कॉमन राइस, ग्रेड-ए और बासमती चावल शामिल है। यहां सलाना करीब एक करोड़ क्विंटल चावल प्रसंस्कृत होता है। इनमें साबुत और टुकड़ा दोनों होते हैं। राइस मिलर्स का दावा है कि बरेली से 15 लाख क्विंटल चावल देश के कई राज्यों में पहुंचता है। जबकि 20 लाख क्विंटल चावल निर्यात होता है। इनमें ओमान, कतर, यूएई, नेपाल आदि देशाें में चावल की अच्छी मांग है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के बड़े खरीदार संपर्क करते हैं।जीडीपी में भी बहेड़ी, रिछा के राइस मिलर्स का योगदान है। बावजूद इसके प्रशासनिक अफसरों द्वारा सुविधा मुहैया कराने में अनदेखी से उद्यमी आक्रोशित हैं। ब्यूरो
फोटो: बिजली उपकेंद्र और अंडरग्राउंड केबल की मांग
बहेड़ी। रिछा राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ के मुताबिक बीएसएनएल टावर से तेज नगर को जाने वाले रोड पर गहरे गड्ढे हैं। रिछा-नैनीताल रोड हाईवे पर रात में अंधेरा रहता है। जिससे दुर्घटना की आशंका रहती है। रोजाना कई ट्रक गुजरते हैं। रिछा जहांनाबाद रोड हिंदुस्तान धर्मकांटे से नगीना राइस इंडस्ट्री तक इंटरलॉकिंग जर्जर है। 10 एमबीए का उपकेंद्र निर्माण, अंडरग्राउंड केबल बिछाने की मांग है। संवाद
खस्ताहाल मार्ग से गुजरने में पलट जाते हैं ट्रक
बहेड़ी। बहेड़ी राइस मिल एसोसिएशन के महासचिव इंतखाब अहमद के मुताबिक नारायण नागला रोड पर कई राइस मिल हैं। नारायन नगला से लेकर कताई मिल तक, नदेली रोड, केसर रेलवे क्रॉसिंग से लेकर सकरस तक मार्ग जर्जर है। यहां आवाजाही में ट्रक भी पलट जाते हैं। जिससे काफी नुकसान होता है। बिजली निगम कटौती की सूचना नहीं देता। मिलर्स ने मार्ग दुरुस्त करने और कटौती की सूचना देने की मांग है। संवाद
भोजीपुरा में नहीं लगी स्ट्रीट लाइट
भोजीपुरा। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी मनोज पंजाबी के मुताबिक एक ओर उद्योग स्थापना के लिए भूमि नहीं मिल रही तो दूसरी ओर औद्योगिक क्षेत्र भोजीपुरा के कई प्लॉट झाड़ियों से पटे हैं। स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरा रहता है। नशेड़ियों का डेरा होने से रात में आवागमन मुश्किल है। नैनीताल हाइवे पर भोजीपुरा के लिए जो अंधा मोड है वहां अक्सर दुर्घटना की आशंका रहती है। संवाद
भोजीपुरा में जलनिकासी के लिए संयुक्त निरीक्षण हो गया है। जल्द कार्य शुरू होगा। रिछा-बहेड़ी का मुख्य मार्ग और संपर्क मार्ग सुदृढ़ीकरण के लिए कार्यदायी को कहा गया है। बिजली उपकेंद्र निर्माण की मांग विचाराधीन है। समस्याओं की सुनवाई हो रही है। - विकास यादव, उपायुक्त