भोजीपुरा। एक राइस मिल में काम करने वाले 20 वर्षीय मजदूर की सोमवार देर रात चावल के ढेर में दबकर मौत हो गई। राइस मिल मालिक ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उसके बाद पुलिस को बताए बगैर मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव समसपुर निवासी 20 वर्षीय विक्की धौराटांडा स्थित एक राइस मिल में मजदूरी करता था। बताया जाता है कि सोमवार की रात में विक्की काम करने के बाद चावल की टंकी में सो गया। तभी बगैर जांच पड़ताल किए राइस मिल चला दिया गया। कुछ ही मिनटों में विक्की टंकी में चावल के ढेर में दब गया। बाद में जानकारी होने पर मजदूरों ने उसे बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन व राइस मिल मालिक विक्की के शव को ले आए। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।