फतेहगंज पूर्वी। दातागंज मार्ग पर स्थित बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 344 सी पर मरम्मत कार्य 15 दिन बाद भी पूरा नहीं हुआ है। इसे 13 तारीख से 19 तारीख तक बंद किया गया था, जिसे 20 से 27 तारीख तक बढ़ा दिया गया। इससे कस्बावासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
लोगों ने बताया कि बहगुल नदी के पास पुलिया में पानी भरे रहने से यातायात बाधित है। निवड़िया गांव की अन्य क्रॉसिंग से पांच किलोमीटर अतिरिक्त चलना पड़ रहा है। हालांकि निवड़िया गांव से बिलपुर गांव तक सड़क निर्माण कार्य के कारण पत्थर डाल दिया गया है। ऐसे में लोगों को गुजरना और भी मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों को रेलवे लाइन पार करते समय खतरा बना रहता है। त्योहारों के समय क्रॉसिंग बंद होने से व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। अब बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वाले लोग जान जोखिम में रखकर ट्रैक पार कर आवागमन कर रहे हैं। बता दें कि क्रॉसिंग के पास फ्लाईओवर का काम भी चल रहा है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ शाहजहांपुर की ओर से पत्र जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि 28 से 30 तक मरम्मत कार्य के चलते सड़क यातायात बंद रहेगा। पीडब्लूआई बिलपुर मोहम्मद जैद रजा ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है।