पहली बार बाहर निकला था कैदी दिनेश
सेंट्रल जेल से भागे कैदी दिनेश का 30 घंटे बाद भी सुराग नहीं मिल सका है। काफी मशक्कत के बाद भी पुलिस को अभी तक उसकी एक फुटेज तक नहीं मिली है, जिसके सहारे उसे ट्रेस किया जा सके। जेल का स्टाफ भी पुलिस के साथ लगाया गया है।
उम्रकैद के दोषी अमरोहा जिला निवासी दिनेश नाम का कैदी सोमवार दोपहर जेल के फार्म हाउस से फरार हो गया था। डीआईजी जेल की जांच के मुताबिक उस दौरान सुरक्षा में लगे सात जेलकर्मी व तीन पुलिसकर्मी पेड़ की छांव में बैठकर मोबाइल पर रील देखने में मशगूल थे।
ऐसे में दिनेश कब निकल गया, ये कोई नहीं देख सका। जिस जगह दिनेश मूंग की कटाई कर रहा था, उससे पांच सौ मीटर की दूरी पर ही जेल के फार्म की दीवार है। ये दीवार केवल पांच फुट ऊंची है जिससे कोई भी आसानी से दूसरी ओर कूद सकता है।
सीसीटीवी फुटेज में भी नहीं दिखा
फार्म के एक ओर जेल, दूसरी ओर कॉलोनी, तीसरी ओर रोड और चौथी ओर खेतों से होकर परतापुर जाने का रास्ता है। चूंकि किसी कर्मचारी ने उसे जेल से भागते नहीं देखा तो यह नहीं कहा जा सकता कि वह किधर भागा है। कॉलोनी व रोड की तरफ लगे कई सीसी कैमरों को चेक करा लिया गया है जिसमें कैदी की एक झलक भी नहीं मिल सकी है।
परतापुर की ओर ही उसके भागने का संदेह जताकर चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही पहचान के लिए जेल स्टाफ को साथ में रखकर पुलिस की टीमें रेलवे, बसें, निजी सवारियों तक में तलाश कर रही हैं। दूसरे जिलों में भी संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि दिनेश की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है, जल्दी ही उसे तलाशने का प्रयास है। अमरोहा समेत दूसरे जिलों की पुलिस से संपर्क साधा है। कई नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है।