बरेली। एक शातिर महिला ने खुद को सैन्य अधिकारी बताकर सेवानिवृत्त सैनिक से व्हाट्सएप पर चैटिंग कर दोस्ती गांठ ली। इसके बाद परेशानी बताकर अलग-अलग खातों में 9.08 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुखारा रोड की एक कॉलोनी निवासी रामप्रताप सेवानिवृत्त सैनिक हैं। उन्होंने साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर नीरज सिंह को बताया कि उनके मोबाइल फोन पर महिला ने व्हाट्सएप मेसेज भेजे और खुद को विदेश में तैनात सैन्य अधिकारी बताया। महिला ने भारत में आकर साथ में जमीन का कारोबार करने का झांसा दिया। ई-मेल और मेसेज से चैटिंग कर महिला ने रामप्रताप को भरोसे में ले लिया। इसके बाद गुरुग्राम और दिल्ली के बैंक खातों में 9.08 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रामप्रताप को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्यूरो