बरेली। स्टेडियम रोड स्थित रेजीडेंसी कॉलोनी के निवासी बृहस्पतिवार सुबह थाना बारादरी पहुंचे। क्षेत्रीय लोगों ने आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कुछ डॉग लवर्स के पाले गए 16 आवारा कुत्ते लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे दहशत का माहौल है।
बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे कॉलोनी निवासी इंजीनियर गजेंद्र सिंह अपने बच्चे को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान जसविंदर सिंह ओबेरॉय और उनकी पत्नी मिलाप ओबेरॉय, जिन्होंने 16 आवारा कुत्तों को अपने घर में शरण दे रखी है। उन्होंने अपने कुत्तों को टहलने के लिए छोड़ दिया, कुत्तों ने गजेंद्र सिंह और उनकी बच्ची पर एक साथ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। कॉलोनी के ही शोभित सक्सेना और राहुल अग्रवाल ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें कुत्तों से बचाया और घर पहुंचाया। इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा के लिए शुक्रवार दोपहर 12 बजे रेजीडेंसी कॉलोनी के निवासी महापौर से मुलाकात कर आवारा कुत्तों को पकड़वाकर शेल्टर होम भेजने की मांग करेंगे। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
इस अवसर पर रेजीडेंसी सोसाइटी के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, संरक्षक शोभित सक्सेना, दिलीप चौधरी, प्रेम अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, सूरज पटेल, धीरज अग्रवाल, गगन दीप कौर, सबनीत कौर, साक्षी भसीन, अलका शर्मा सहित 100 से अधिक कॉलोनीवासी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस समस्या के समाधान की मांग की है। संवाद