नवाबगंज। अधिवक्ता से अभद्रता के मामले में बुधवार को सीओ हर्ष मोदी ने महिला दरोगा का बयान दर्ज कर लिया है। कोतवाल राज कुमार शर्मा ने उच्च अधिकारियों को मामले की रिपोर्ट भेजी है। गाजियाबाद से आए पिंक बूथ प्रभारी के मंगेतर दरोगा पर कार्रवाई हो सकती है।
नगर के बाइपास मार्ग पर पुलिस पिंक बूथ पर प्रभारी महिला दरोगा रेनू सिंह तैनात हैं। मंगलवार की रात नगर के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी अधिवक्ता राजीव गंगवार बाइक से एक रिश्तेदार को छोड़ने के लिए बाइपास मार्ग पर आए थे। वहां उन्होंने पुलिस पिंक बूथ के पास बाइक खड़ी कर दी। अधिवक्ता का आरोप है कि महिला दरोगा से मिलने जनपद गाजियाबाद में एक थाने में तैनात दरोगा सादे कपड़ों में पिंक बूथ पर थे। कुछ देर बाद उन्होंने बाइक हटाने को लेकर अभद्रता कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही लोगों ने पिंक बूथ का घेराव कर दिया। सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे कोतवाल विनोद कुमार यादव, अपराध ने लोगों को समझाया। इसके बाद महिला दरोगा समेत दोनों ने माफी मांग ली थी। बाद में पुलिस महिला दरोगा और उनसे मिलने आए दरोगा को अपने साथ थाने ले गई। घटना की तहरीर अधिवक्ता राजीव गंगवार ने थाना नवाबगंज में दी। संवाद