नवाबगंज। जल जीवन मिशन के तहत वलीनगर गांव में बनाई जा रही पानी की टंकी की सीढि़यां गिरने के बाद जांच के लिए बुधवार को एक टीम पहुंची। जल निगम के जेई मो. अजमत ने गहनता से जांच कर ठेकेदार को सीढि़यों को दोबारा से गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाने के निर्देश दिए हैं।
विकासखंड नवाबगंज में जल जीवन मिशन के तहत ग्राम वली नगर में जल निगम की ओर से दो करोड़ 45 लाख 11 हजार रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार को पानी की टंकी के सीढि़यों की शटरिंग मजदूरों के द्वारा खोली जा रही थी। इसी बीच जीने की सीढि़यां भरभरा कर गिर गईं। तेज आवाज होने से गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रोष जताया।
सोनू गंगवार, राम नरायण लाल, मोतीराम सागर, सुरेन्द्र, पूरनलाल श्रीवास्तव, सोमपाल, गेंदनलाल आदि ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में ठेकेदार ने घटिया सामग्री का प्रयोग किया है। नाराज लोगों ने मामले की शिकायत डीएम और एसडीएम से की थी। डीएम ने मंगलवार को जांच के आदेश दिए थे। संवाद