फतेहगंज पश्चिमी। गांव धंतिया में गलत इलाज से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने झोलाछाप समीर खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दवा के रिएक्शन से मौत की पुष्टि हुई है।
बृहस्पतिवार सुबह 7:30 बजे धंतिया निवासी राजेश कुमार सागर (24) के पेट में दर्द उठा। परिजन उन्हें इलाज के लिए गांव के झोलाछाप समीर के पास ले गए। आरोप है कि झोलाछाप ने राजेश कुमार को दवा देने के बाद गलत इंजेक्शन लगा दिया। हालत बिगड़ने पर झोलाछाप ने परिजनों को बताए बिना ही राजेश को बरेली के एक अस्पताल में ले गया। वहां चिकित्सक ने देखते ही राजेश को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो वह शव छोड़कर भाग गया। मृतक के भाई लालाराम की सूचना पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन उससे पहले ही वह घर पर ताला डालकर परिवार सहित भाग गया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट लिखकर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद