बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दबंगों ने इमाम से मारपीट कर उनको कमरे से निकाल दिया था। मामले में इमाम की ओर से प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है।
मंगलवार को कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के सामने वाली मस्जिद के इमाम अब्दुल हलीम के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। प्रेमनगर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर दी थी। इमाम ने दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती मोहम्मद अहसन रजा खान को जानकारी दी। उनके निर्देशन में संचालित संगठन टीटीएस ने इस कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए इमाम के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की।
इसके बाद प्रेमनगर थाने में इमाम की तहरीर ली गई। इमाम ने बताया कि मस्जिद में काम चलने के कारण वह कब्रिस्तान के पास एक कमरे में रहते थे। आरोप है कि मंगलवार सुबह 11 बजे दो भाई जावेद और मुजफ्फर, काशान, आमान, जीशान, समद, बिट्टन और गजनफर आए और उनसे मारपीट की। वक्फ की संपत्ति पर बने कमरे पर कब्जा कर ताला डाला दिया। कमरे में उनका सामान भी बंद कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टीटीएस के परवेज नूरी ने बताया कि आरोपियों का इलाके में आतंक है, अधिकारियों से मांग की है कि इन्हें जल्द जेल भेजा जाए।