बारादरी में रास्ते के विवाद में अधिवक्ता आमिर से की गई थी मारपीट
बरेली। एसएसपी कार्यालय में वकीलों के धरना-प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को बारादरी पुलिस ने अधिवक्ता आमिर खां से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली हैै। रिपोर्ट जानलेवा हमला समेत अन्य कई धाराओं में दर्ज कर ली गई है।
सूफी टोला निवासी अधिवक्ता आमिर खां का कहना है कि एक अगस्त को सुबह पड़ोसी साजिद अली खां रास्ते पर निर्माण करा रहा था। उन्होंने विरोध किया तो साजिद अली, असल अली खां, नुसरत अली खां, नदीम, इमरान, असमत अली खां, शायरा, सायमा, बुशरा, शरीन और इशरत उर्फ तौसीफ ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट कर उन्हें और उनके चाचा मुमताज अली को घायल कर दिया। साजिद ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से फायर भी किया। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी तो वकीलों ने बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस में धरना-प्रदर्शन किया। बाद में बरेली बार एसोसिएशन के सचिव वीपी ध्यानी ने शुक्रवार को हड़ताल का एलान कर दिया।
आईजी के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त
रिपोर्ट दर्ज होने से पहले अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने आईजी रमित शर्मा से मुलाकात की। उन्हें पूरे मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर आईजी ने फौरन ही मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद अधिवक्ताओं ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। नौ अगस्त से सभी वकील न्यायिक कामकाज करेेंगे। आईजी से मिलने वालों में बार यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन शिरीष मेहरोत्रा और बरेली बार एसोसिएशन के सचिव वीपी ध्यानी आदि शामिल रहे।