फतेहगंज पश्चिमी। धनेटा के निकट बाइक सवार दंपती से लूट के मामले में पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की है।
शीशगढ़ निवासी तौकीर अहमद शुक्रवार रात बरेली से खरीदारी करके पत्नी और साले की बेटी के साथ घर लौट रहे थे। धनेटा फाटक के आगे बाइक सवार दो बदमाशों ने जेवर, नकदी और अन्य सामानों से भरा बैग लूट लिया था। इस खींचतान में तौकीर अहमद की पत्नी हुस्ने फातिमा और उनके साले की बेटी काजियाबानो बाइक से गिरकर घायल हो गई थीं।
पुलिस ने उन्हें पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उनको बरेली के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। तौकीर अहमद की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद
व्यापारी से लूट के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज
फतेहगंज पश्चिमी। शोरूम बंद करके शुक्रवार को घर लौट रहे व्यापारी से लूट के प्रयास के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
कस्बा के मोहल्ला साहूकारा निवासी शिव ओम अग्रवाल का इलेक्ट्राॅनिक्स उपकरणों का शोरूम है। शुक्रवार रात 7.29 बजे वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। सीको वाली गली में पीछे से आए लुटेरे ने उनके हाथ से थैला छीन लिया और भागने लगा।
शिव ओम के शोर मचाने पर पास में खड़ा सोनू लुटेरे से भिड़ गया और थैला उससे छीन लिया। लुटेरा भाग गया। लुटेरे का पीछा करते समय गिरने से शिव ओम अग्रवाल घायल हो गए। व्यापारी ने बताया कि थैले में रुपये और दुकान की चाबी थी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद