आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। लखनऊ में बुधवार को दिए गए बयान को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ यहां गोला कोतवाली में जातिवादी नफरत फैलाने की कोशिश के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गोला कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज निवासी जनसेवा केंद्र चलाने वाले अरविंद गुप्ता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 12 अगस्त को एक पत्रकार वार्ता की, जिसमें उनके समर्थक सभाजीत सिंह, ब्रज कुमारी आदि भी मौजूद थे। अरविन्द गुप्ता का आरोप है कि इस दौरान सांसद ने कई जातिवादी नफरत फैलाने वाली बातें कहीं। उनका यह भी आरोप है कि संजय सिंह ने योजनाबद्ध तरीके से लोगों को बांटने और सामाजिक समरसता छिन्न-भिन्न करने के उद्देश्य से यह हरकत की है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार यादव का कहना है कि अरविन्द गुप्ता की ओर से दी गई तहरीर पर धारा 153 ए, 505 की उपधारा 2 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। संवाद