हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुलाई पुलिस, रिपोर्ट दर्ज
बरेली। किला थाना क्षेत्र के स्वाले नगर में शनिवार को पशुओं के अवशेष मिले। इस पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। किला पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
किला थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के मुताबिक आजाद हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर ने शनिवार रात उन्हें सूचना दी कि स्वाले नगर पानी की टंकी के पास पशुओं के अवशेष पड़े हैं। वह पहुंचे तो अमित राठौर और कुछ कार्यकर्ता मौके पर मिले। उन्होंने पांच-छह लोगों के मौके से फरार होने की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने पशु चिकित्सक को बुलाकर मांस का सैंपल कराया। प्राथमिक जांच में मांस प्रतिबंधित पशु का मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि अमित राठौर की की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
डेयरी संचालकों की जमानत होते ही पशु कटान, साजिश का शक
पुलिस के मुताबिक छावनी निवासी सगे भाई रिजवान और इमरान डेयरी संचालक हैं। एक साल पहले छुट्टा गाय उनकी गायों के साथ चरते हुए उनके यहां आ गई थी। दोनों ने उसे पाल लिया। कुछ लोग उनसे यह गाय मांगने लगे, पर उन्होंने नहीं दी थी। बताते हैं कि इसी रंजिश में दो माह पहले प्रतिबंधित पशु की हत्या के मामले में रिजवान व इमरान पर रिपोर्ट कराई गई थी। दोनों को जेल भेज दिया गया था। शनिवार सुबह उनकी जमानत हुई और रात में उन्हीं की डेयरी के पास फिर पशुओं के अवशेष मिले। थाना प्रभारी का मानना है कि यह साजिश भी हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज से भी साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जा रही है। अमर उजाला ब्यूरो