आरोपी के घर में ताला लगा मिला। तब भीड़ ने घर घेरकर पत्थर और चप्पलें फेंकनी शुरू कीं। इस बीच मीरगंज व बहेड़ी सर्किल के थानों की पुलिस मौके पर आ गई। सीओ बहेड़ी तेजवीर सिंह पीएसी लेकर मौके पर पहुंच गए। सीओ ने भीड़ को समझाने की कोशिश की तो उनसे भी धक्कामुक्की की गई। बाद में भीड़ रामलीला ग्राउंड में धरना देने बैठ गई।
देर रात आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
शीशगढ़ में समुदाय विशेष की ओर से थाना और आरोपी का घर घेरने की घटना की गूंज लखनऊ तक पहुंची तो रात करीब डेढ़ बजे कमिश्नर सौम्या अग्रवाल व आईजी डॉ. राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। आईजी ने अमर उजाला को बताया कि दूसरे समुदाय के किशोर को भी पकड़ा है। उसने भी अनर्गल टिप्पणी की है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर भीड़ या किसी पुलिसकर्मी का दोष मिलता है तो कार्रवाई उनके खिलाफ भी होगी।
दूसरे समुदाय का किशोर भी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक आरोपी किशोर के साथ ही दूसरे समुदाय के किशोर ने भी धार्मिक टिप्पणी की थी। दोनों एक ही कक्षा में पढ़ने वाले बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर बहस के बाद बवाल की नौबत आई। पुलिस ने दूसरे किशोर को भी देर रात हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही जा रही है।