बरेली। आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा पर मंगलवार को शहर के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में धूमधाम से गुरु पूर्णिमा पर गुरु और ईष्ट देव की आरती उतारकर गुरु की महिमा का गुणगान किया। सुबह से ही मंदिरों में गुरु पूजा का अनुष्ठान शुरू हो गया था। शिष्यों ने अपने गुरु की विधिवत पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जिन्होंने गुरुदीक्षा नहीं ली थी, उन्होंने अपने ईष्ट देव की पूजा की।
श्री रामायण मंदिर में सैकड़ों भक्तों ने पीठाधीश्वर देवेंद्र गोस्वामी की पूजा अर्चना की। शिष्यों ने तिलक पुष्प और माला अर्पित कर पूजा की। गुरु पूजा के साथ/साथ भक्तन कीर्तन के जरिए गुरु की महिमा का गुणगान भी किया। गोस्वामी ने सभी को आशीर्वचनों से कृतार्थ किया। समापन आरती एवं भंडारा प्रसाद के वितरण से हुआ। आनंद आश्रम रामपुर बाग सुबह गुरु पूजन के बाद हवन पूजन का आयोजन हुआ। मंत्री सुभाष अग्रवाल ने बताया कि आचार्य पं. रामकिशोर तिवारी ने विधि विधान से यज्ञ संपन्न कराया। मौजूद श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति दी। आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज परिसर में सुर संध्या का आयोजन हुआ।
श्री साईं का महाभिषेक और श्रृंगार
इज्जतनगर कुदेशिया फाटक स्थित श्री शिरड़ी साईं रक्षा धाम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही कार्यक्रमों का दौर शुरू हो गया था। सुबह कांकड़ आरती, पूजन और घट स्थापना की गई। जिसके बाद हवन, पूजन और श्री साईं का महाभिषेक और श्रृंगार किया गया। जिसके बाद मध्यह्न आरती के बाद भंडारा में प्रसाद वितरण किया गया। शाम को महाआरती और बाबा की पालकी निकाली गई। इस दौरान भारी तादाद में श्रद्धालु मौजूद रहे।