बरेली। हाथियों को सही दिशा में आगे बढ़ता देख वन विभाग के अधिकारियों का पूरा फोकस अब हांके पर है। पश्चिम बंगाल के साथ अब छत्तीसगढ़ से भी हांका के एक्सपर्ट वनकर्मियों को बुलाया गया है।
दो दिन से हाथियों का रुख उत्तराखंड की ओर रहने से अफसरों का मानना है कि अब उन्हें हांका के जरिये उनके घर तक पहुंचाने में सफलता मिलने की उम्मीद ज्यादा है। मुख्य वन संरक्षक रुहेलखंड ललित कुमार वर्मा ने बताया कि मौके का निरीक्षण करने के बाद वरिष्ठ वन अधिकारियों की रविवार शाम बैठक में सभी का मत था कि हाथियों को हांका लगाकर गूला, भाकड़ा नदी के बीच उत्तर दिशा में चलाया जाए तो वे अपने प्राकृतिक वास में चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार को पश्चिम बंगाल से सड़क मार्ग से पांच प्रशिक्षित हांका एक्सपर्ट चल दिए थे जिनके रविवार रात में पहुंचने की संभावना है। रविवार को छत्तीसगढ़ से भी पांच हांका एक्सपर्ट बुलाए गए हैं जो सोमवार सुबह वहां से चलेंगे। पश्चिम बंगाल से पहुंच रहे एक्सपर्ट सोमवार सुबह क्षेत्र का जायजा लेंगे। -