जायरीन ने रोशन किए मन्नतों के चिराग
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
खानकाह नियाजिया में दो रोजा जश्ने चिरागां का आगाज
बरेली। खानकाह नियाजिया में दो रोजा रिवायती रस्म जश्ने चिरागां का शनिवार शाम को आगाज हुआ। इसमें तमाम महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों ने शिरकत कर मन्नतो मुराद मांगी।
खानकाह में शनिवार सुबह कुरान ख्वानी और लंगरखाने में फातिहा हुई। इसके बाद दिन भर मजार शरीफ पर जायरीन की हाजिरी का सिलसिला चलता रहा। शाम को खानकाही हवेली में जश्ने चिरागां हुआ। सबसे पहले सज्जदानशीन शाह मोहम्मद हसनैन उर्फ हसनी मियां ने तमाम खानवादों के साथ सोने और चांदी के खानकाही चिरागों को रोशन किया। इसके बाद मन्नतियों ने कतारबद्ध होकर चिराग रोशन कर अपनी जरूरत और ख्वाहिशात के लिए दुआएं मांगी। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
चिरागां की शुरूआत के दौरान खानकाह के प्रबंधक मोहम्मद सिबतैन नियाजी उर्फ शब्बू मियां, नायब सज्जादा अल्हाज शाह मेंहदी मियां, डॉ. कमाल मियां नियाजी, कासिम मियां नियाजी, जाहिद मियां नियाजी, पाशा मियां नियाजी सहित तमाम खानवादे मौजूद रहे। प्रबंधक के सचिव मौलाना कासिम मियां नियाजी ने बताया कि रविवार को बड़ा चिरागां होगा। इसमें मुल्क की जानी मानी हस्तियां भी शामिल होंगी। चिरागां की रस्म शाम 5 बजे शुरू होगी। महफिले समां के दौरान शाम 6 बजे महबूबे इलाही और शाम 7 बजे महबूबे सुब्हानी के कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी।