बरेली। उर्स शराफती पर शहर में निकले परचमी जुलूस से कुतुबखाना के चारों तरफ भारी जाम लग गया। इससे लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस भी यातायात व्यवस्थित करने असहाय नजर आती रही।
परचमी जुलूस कोहाड़ापीर से जैसे ही कुतुबखाना चौराहे पर पहुंचा हर तरफ का ट्रैफिक रुक गया। जुलूस को मनिहारों की गली में मुड़ना था लिहाजा बांस मंडी, आलमगीरी गंज से आने वाले ट्रैफिक को मेवा मंडी की ओर से मोड़ा गया मगर उधर भी जाम के कारण लोग काफी देर फंसे रहे। इधर कोतवाली, चौपुला और बड़े बाजार से आने वाले रास्तों पर भारी जाम लगा। यह स्थिति लगभग दो घंटे तक बनी रही। जुलूस के यहां से पास होने के बाद भी पुलिस को काफी देर मशक्कत करना पड़ा। दरगाह के लोगों का कहना है कि दरअसल पहले से रूट डायवर्ट न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो गई थी।