बरेली। उर्स-ए-रजवी के कुल शरीफ पर खानकाह बरकातिया मारहरा शरीफ के सज्जादानशीन अमीन मियां ने आला हजरत पर टिप्पणी करने वाले सैय्यदों पर बगैर नाम लिए तंज कसा। उन्होंने कहा कि ऐसे सैय्यदों पर उन्हें रहम आता है जो आला हजरत की शान में गुस्ताखी करते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग मोहब्बत नहीं कर सकते, वे नफरत भी न फैलाएं।
अमीन मियां ने कौम से अपने बच्चों को दुनियावी तालीम के साथ दीनी तालीम भी दिलाने को कहा। उन्होंने कहा कि दीनी तालीम बच्चों को नेक इंसान बनाएगी। वे इंजीनियर और डॉक्टर बनकर देश के विकास में सहयोग करेंगे। पुल बनाने में सीमेंट की जगह रेत नहीं मिलाएगा। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि एक मछली बेचने वाले परिवार के बच्चे ने वैज्ञानिक बनकर देश का नाम रोशन किया और फिर देश का राष्ट्रपति भी बना। उन्होंने कहा कि कितनी भी मुश्किल हो, हालात से लड़कर अपने बच्चों को अच्छी तालीम जरूर दें। अमीन मियां ने लोगों को पानी बचाने की भी नसीहत दी। बोले, तीसरा विश्वयुद्ध पानी के लिए ही होगा। इसलिए पानी बचाएं और उसे जरूरत के हिसाब से खर्च करें।