बरेली। उर्स-ए-रजवी के कुल के दिन ही धनतेरस होने की वजह से प्रशासन ने भीड़ को संभालने और बाजार को धनतेरस के लिए समय रहते जायरीन की भीड़ से खाली कराने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार शाम पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ ट्रैफिक कंट्रोल पर चर्चा के साथ मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी तय की।
डीएम ने अफसरों को निर्देश दिया कि ट्रैफिक व्यवस्था में लगी पुलिस और प्रशासन की टीम को 25 अक्तूबर को पूरे दिन पूरी तरह सतर्क रहने की जरूरत है। जरा की चूक बड़ी समस्या पैदा कर सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे व्यापारियों से भी बात कर लें कि उनकी क्या-क्या जरूरतेें हैं। कहां पार्किंग बननी चाहिए, कहां वन-वे किया जाए। इस बैठक में एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिनंदन सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे।